रविवार, 16 सितंबर 2012

पंखुरी सिन्हा की कवितायें





उनकी बैठक
--------------

अपनी बैठक पर उन्हें खासा फ़क्र था
'उन्हें' से ज्यादा 'उसे'
टीक की लकड़ी का आयात कर
उन्होंने दीवान बनवाया था ,
और चार कुर्सियाँ।
फैशनेबल फर्नीचर शो-रूम से
सोफ़े खरीदे गए थे ,
और उसने सजाया था इस सब कुछ को
स्टेट इम्पोरियम के हस्त-शिल्प से,
ट्राइबल पेंटिंग्स
सीप के पर्दे
पर लोगों को कुछ भी पसंद नहीं
उसका अपना अंदाज़ तक नहीं
बालूचरी सूती साड़ियाँ
बिना काजल बिंदी वाला ,
उसका अक्स नहीं
तेज़ आवाज़ नहीं
लोगों को कुछ भी पसंद नहीं ,
जबकि सबकुछ मध्यवर्गीय था ,
सारे कमाए हुए पैसे ,
रिश्वत की एक दमड़ी नहीं
पर अकड़ बहुत थी उसमें
और हातों के बाहर का माद्दा बहुत
इसलिए उस बैठक में होने वाली
सारी  बातों की परिणति,
भयंकर बहसों में हो रही थी ,
और अगर वह नाकाफी था ,
तो शहर में,
इन्टरनेट नामक उस जादुई जगह पर,
सबके  अपने अपने पन्ने थे ,
सिर्फ उसके खयाल पूरी तरह आयातित,
और आयातित ख़यालों की वजह से,
वह एक विदेशी गुड़िया कहलाती जा रही थी
और जानकारों का कहना था ,
कि पुरानी थी सब बातें
लेकिन नया था उनका मंचन,
नए प्रयोग थे,
नया था नदी का प्रवाह,
नए विकल्प  थे ,
नई थी इतने एहसासों की बातें ,
मनुष्यता पर इतना बल
दोनों खेमों की पहचान की लड़ाई से इतर,
सिर्फ मनुष्यता से इतना बल
ये क्रॉस बॉर्डर बातें,
और वह पिरोती जा रही थी ,
उन्मुक्त भावों को ,
सबकी नापसंदगी के बावजूद,
उसकी दलील थी ,
कि अपनी पसंद से सजने चाहिए,
सबके पन्ने ,
सजनी चाहिए ,
सबकी बैठक
और उसकी दलील थी ,
कि बाज़ार बहुत कुछ था
पर सब कुछ नहीं ,
और उसकी दलील थी ,
कि बाज़ार बड़ी आसानी से,
द्रवित होने वाला ,
सरल तत्वों से बना ,
एक नरम दिल हस्ती था -
जिससे बातें की जा सकती थीं ,
उसकी दलील थी कि ,
उसे किसी भी क्षेत्र को
आयात क्षेत्र में नहीं बदलना था ,
एक बराबर की अनुभव वार्ता करनी थी।
-------------------------------------------

2-गुरिल्ला वार

क्या आपने लड़ी है ,
कभी ऐसी कोई लड़ाई
आखिरी मोर्चे की लड़ाई,
दुश्मन के करीब आते ,
उसकी पदचाप सुनते
उसके बेहद कीमती,
नफीस बूटों की आवाज़ सुनते ,
ये जानते कि कितनी ताकतवर है उसकी बंदूक,
कितना अचूक उसका निशाना ,
लड़ना, एक नितांत अपरिचित जंगल में ,
जिसकी लताएँ कँटीली हों ,
चट्टानें नुकीली,
बारिश का वेग भयंकर हो ,
खड़े हो पाना नामुमकिन ,
पेट के बल चलकर ,
हाथ और पैर दोनों से चलकर ,
चारों से चलकर ,
कभी की है आपने कोई लड़ाई ?
अपने से ज्यादा ताकतवर,
शत्रु को पछाड़ते ,
कुनैन की आखिरी गोली खाकर ?
कभी की है आपने कोई लड़ाई ?
----------------------------------------------------------

कवयित्री-
* दो कहानी संग्रह 'कोई भी दिन' और 'किस्सा-ए-कोहिनूर' ज्ञानपीठ से प्रकाशित,
*कविता संग्रह 'ककहरा' शीघ्र प्रकाश्य
* गिरिजा कुमार माथुर -पुरस्कार 1995
* चित्रा कुमार-शैलेश मटियानी
* संप्रति - कनाडा में रहकर  स्वतंत्र लेखन ।
उनसे sinhapankhuri412@yahoo.ca पर संपर्क किया जा सकता है ।











शुक्रवार, 14 सितंबर 2012

हमारे नए ,पुराने स्थायी-स्तम्भ और उनका विवरण - ( कुछ नाम बदल दिये गए हैं )-



1- ये कौन चित्रकार है ( अंक के आवरण पर विचार)
2- कथा-दीर्घा ( तीन बेहतरीन कहानियाँ )
3- काव्य-सरिता ( पाँच कवि: कम से कम दो कवितायें प्रत्येक की )
4- माटी की ओर ( लोक संस्कृति को समर्पित )
5- मैं जिसे ओढ़ता बिछाता हूँ ( ग़ज़लें)
6- प्रतिमान ( प्रसिद्ध रचना और रचनाकार का परिचय )
7- रू-ब-रू ( एक या दो साक्षात्कार )
8- बज़

्म: चुनिन्दा शायरी का संकलन
9- सिर-फुटौवल ( व्यंग्य)
10- निकष ( समीक्षाएं )
11- रपट ( रिपोर्ताज)
12- काँटों से खींच के ये आँचल ( सिनेमा )
13- बच्चे मन के सच्चे ( बाल-साहित्य)
14- यार से छेड़ चली जाय ( विमर्श )
15- राग-विराग ( संगीत पर चर्चा )
16-छाप ( रचनाकारों की हस्तलिपि में उनकी रचनाएँ - बैक कवर के रूप में )

संपादकीय और चिट्ठी पत्री तो रहेंगे ही।

इन के अलावा लघुकथाएं , रेखाचित्रों और अन्य रचनाओं का भी स्वागत रहेगा ।

( पत्रिका अव्यावसायिक है अभी । इसलिए कोई बड़ा मानदेय नहीं दिया जाएगा।फिर भी हमारी कोशिश होगी कुछ न कुछ देने की। जो हमसे बन सकेगा। रचनाएँ आमंत्रित हैं । )

गुरुवार, 9 अगस्त 2012

इस अंक का आवरण - रमण सिन्हा




आवरण , आकल्पन ( लेआउट ) या कवर डिजाइन ; 'पुस्तक चित्रांकन' (बुक इलस्ट्रेशन) जैसी कला है, जहाँ चित्रांकन स्वायत्त नहीं होता, बल्कि पुस्तक की अंतर्वस्तु से निर्मित होता है. यही नहीं बल्कि शब्द एवं चित्र के रंगों की दृष्टिगोचरता , कैनवास के सीमित आकार इस कला रूप की व्यावहारिक सीमाएं बन जाती हैं. आवरण के आकल्पन का मुख्य ध्येय शब्दांकन ( लेटरिंग) रेखांकन (ग्राफिक्स) व चित्रांकन( पेंटिंग) का ऐसा संयोजन ढूँढना होता है कि दर्शक का सहज ही ध्यानाकर्षण हो सके. यूरोप में पुस्तक के मुखपृष्ठ , पीछे के पृष्ठ एवं पुट्ठे( स्पाईन) के आकल्पन के लिए बड़े प्रकाशक अलग अलग विशेषज्ञ कलाकारों की सेवायें लेते हैं. अब वहाँ आवरण पृष्ठ का मुख्य कार्य , जिल्द को बचाना ही नहीं रहा , बल्कि वह किताब की बिक्री को प्रभावित करने वाला सबसे सक्षम कारक बन गया है. यह सच है कि व्यवसाय के दबाव में ही सही, यूरोप में कवर डिजाइनिंग एक स्वतंत्र कला का रूप ले चुकी है. जिसके प्रमाण ब्रास संग्रहालय, होकेन पुस्तकालय-संग्रहालय एवं ऑकलैंड सिटी लाइब्रेरी के हेनरी shaw जैकेट संग्रह में देखे जा सकते हैं. ज़ाहिर है कि भारत में इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती. यहाँ के प्रकाशक पर व्यवसाय का कोई ऐसा दबाव भी नहीं है. वे पुस्तक बिक्री के लिए आवरण सज्जा को आकर्षक बनाने के लिए कलाकारों की शरण में जाने की बजाय पुस्तकालयाध्यक्ष को कमीशन देकर यह काम आसानी से कर लेते हैं, फिर यहाँ के लेखक भी शायद ही  कभी अपनी पुस्तक की आवरण सज्जा में कोई रूचि दिखाते हैं ! इसलिए यह आकस्मिक नहीं कि यहाँ की किताबों में , विशेषकर अधिकाँश हिंदी किताबों में आवरण , आकल्पन को कोई श्रेय भी नहीं दिया जाता. इसके बावजूद अरविन्द कुमार, सुरेन्द्र राजन , हरिपाल त्यागी , रामकिशोर पारचा , गिरिधर उपाध्याय , सोरित एवं गोबिंद प्रसाद का काम आश्वस्त करता है.

प्रस्तुत चित्र गोबिंद प्रसाद के अधिकाँश आवरण चित्रों की तरह अमूर्त है एवं पोस्टर रंग से बनाया गया है. सफ़ेद, लाल , पीले , धूसर मटमैले रंगों के बीच छिटकती हुई नीली रेखाएँ ब्रह्माण्ड के किसी रूपाकार का अनुकरण नहीं करती और ना किसी सांसारिक स्थिति की प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति बनने की चेष्टा ही करती हैं; बल्कि यह मन के किसी सचेत राग को किसी दिशा में उन्मुक्त करती स्फूर्ति का आभास कराती हैं. ऐसे बहुरंगी चित्र का उपयोग आवरण सज्जा के समग्र आकल्पन में रंग-संगति के लिए काफी सहायक होता है, साथ ही अपनी प्रकृति में अमूर्त होने के कारण किसी भी पुस्तक की भाव संगति बैठाने में भी काफी मददगार साबित होता है. 

बुधवार, 8 अगस्त 2012

अक्षरौटी : एक सपने का पुनर्जागरण

अक्षरौटी : अभिव्यक्ति के तरीके , माध्यम और उपाय 




नोट- यह 'अक्षरौटी' का एक मात्र अंक है. यहाँ इस ब्लॉग की पहली पोस्ट के रूप में इसका सम्पादकीय लिख रहे हैं. धीरे धीरे 'प्रवेशांक' की सारी सामग्री यहाँ डाली जाएगी. नयी रचनाएँ आमंत्रित हैं. यह एक अनियमित पत्रिका ही होगी फिलहाल. हम कोशिश करेंगे कि इसके त्रयमासिक स्वरुप को बचाए रखें. आपका सहयोग और सुझाव बहुमूल्य होगा.

पता-
thenilambuj@gmail.com
या
ghanshyamdevansh@gmail.com



स्वतंत्र अभिव्यक्ति पर आज के असहिष्णु समय के असहिष्णु लोगों द्वारा तमाम बाधाएं खड़ी की जा रही हैं. ऐसे समय में किसी भी नयी रचनात्मक अभिव्यक्ति का होना खुद एक जिरह है. अब हमें 'अभिव्यक्ति के खतरे' तो उठाने ही होंगे. ज़ाहिर है, कुछ 'मठ' और 'गढ़' इस से ज़रूर प्रभावित होंगे. स्वच्छंद पूँजी के गर्भ से उपजी तमाम 'साहित्यिक' और 'सांस्कृतिक' गतिविधियाँ प्रबुद्ध पाठकों से छिपी नहीं हैं. यहाँ हम कोई दावा लेकर तो प्रस्तुत नहीं हुए लेकिन अपने पाठकों को ये विश्वास दिलाएँगे कि इसे पढकर आप 'ठगा सा' महसूस नहीं करेंगे.

बहरहाल , पत्रिका कोई भी हो , वह विवाद पैदा नहीं करती , महज़ जनहित में एक वाद दायर करती है. उस वाद के आलोक में आगे क्या बहस होगी , अमृतकलश की प्राप्ति होगी , या हलाहल मिलेगा , यह तय करने वाले तो पाठक ही हो सकते हैं. लेखक , आलोचक और प्रकाशक के अतिरिक्त साहित्य में 'पाठक' के रूप में चौथे वर्ग की भूमिका कहने को तो बहुत सशक्त है ( चूंकि बाज़ार ही वही है ) किन्तु इधर साहित्य के इस चौथे खम्भे की चिनाई ज़रा कमज़ोर होती जान पड़ती है. हम पाठकों को अपने संवाद में शामिल करना हेठी समझने लगे हैं. कुछ जगहों को छोड़कर हिंदी की तमाम पत्रिकाओं में पाठकों के पत्र केवल खानापूर्ति के लिए शामिल किये जाने लगे हैं.

क्या हमने कभी सोचा है कि पाठक की प्रतिक्रिया महज 'प्रतिक्रिया' के कॉलम में छप जाने भर से पूरी नहीं हो जाती , बल्कि वह तो बदलाव के गुहार की एक ज़बरदस्त खदबदाहट होती है , सो उसकी सम्मति लेते हुए हमें बदलावों की ओर भी किंचित तो खिसकना ही चाहिए. किन्तु धारणा कुछ ऐसी है कि पाठक समझदार नहीं हो सकता ( गोया समझदार सिर्फ आलोचक ही हो सकता है ) अथवा वह किसी कहानी , कविता या लेख का संतुलित मूल्यांकन नहीं कर सकता. हालाँकि इंटरनेट पर हिंदी के प्रसार और सोशल मीडिया में हिंदी के डोमेन में वृद्धि के कारण अब पहले से ज्यादा पाठक , 'आलोचक' बन रहे हैं , फिर भी पत्रिकाओं का 'पवित्र' घर अभी भी पाठकों को कामचलाऊ स्तंभ के रूप में ही देखता है.  क्या पाठक की यह प्रतिक्रिया कि 'रचना दिल को छू गयी' से अधिक ईमानदार आलोचना सकारात्मक रूप से संभव है ? इस से सहमत ना होने वालों ने क्या कभी इस कथन की विनाशकता की ओर ध्यान दिया है , जहाँ एक पाठक की प्रतिक्रिया यह हो कि ' रचना समझ में नहीं आई'. लोगों ने शायद इस मर्म को प्रशंसा के उलटे अर्थ में लेना शुरू कर दिया है , जैसे कि रचना गूढ़ होने के कारण इतनी अलौकिक और अद्वितीय बन पड़ी है कि उसके लिए 'दिव्य दृष्टि' की क्षमता वाले पाठकों की मौजूदगी ज़रूरी है. दूसरी ओर , इन चीज़ों के बीच साहित्य की लोकप्रियता उतारकर क्यों रसातल में में समा रही है, यदि हम इसके ईमानदार चिंतन की तरफ उन्मुख नहीं हो सकते, तो संभवतः अपनी भाषा और साहित्य के प्रति प्रति भी ईमानदार नहीं हो सकते.

साहित्य की जड़ों के अवलोकन में और आगे बढ़ें तो उन लोगों पर भी बात करनी पड़ेगी जो ना लेखक हैं, ना प्रकाशक , ना आलोचक हैं और न ही ठीक-ठाक पाठक ही हैं. यह वह वर्ग है जो साहित्य को आम पाठकों तक पहुंचाता है. इनमें क्षेत्रीय विक्रेता से लेकर होल सेलर तक सब शामिल हैं. हमारी कोशिश रहेगी कि साहित्य के प्रति उदासीन रहने वाले इन लोगों के बारे में 'कुछ बातें' आगामी अंकों में भी जारी रहेगी.

यूँ तो दिल्ली राजधानी है और साहित्य के भी गढ़ के रूप में जानी जाती है. दिक्कत यही है कि इन गढों की किलेबंदी बड़ी मज़बूत है. विचार ही नहीं , साहित्य का मूर्त रूप - पुस्तकें और पत्रिकाएं भी सीमित जगहों पर ही मिलती हैं. भला हो इंटरनेट का , यहाँ ज्यादा सुलभ है साहित्य. इसी दिशा में एक छोटा सा प्रयास है - अक्षरौटी .
उपेक्षाओं पर प्रकाश डालने के बहाने एक बात और. हिंदी साहित्य के भव्य दरबार में आज तक कुछ श्रेणियों को हाशिए पर ही रखा गया है, मसलन बाल साहित्य और 'लोकप्रिय साहित्य'( जिसे प्रायः सड़क छाप साहित्य कह दिया जाता है). यह हिंदी की आगामी पीढ़ी तैयार करने के प्रति हमारी गंभीर लापरवाही कही जा सकती है. हमें स्पष्ट तौर पर अपने वर्तमान के प्रति ईमानदार रहना होगा , वरना भविष्य का सामना हम सहजता से नहीं कर सकेंगे.

कुल मिलाकर लंबे समय के अपने प्रयासों को आप सभी तक पहुँचाने में कुछ राहत महसूस हो रही है. साहित्य में युवाओं की कमी को महसूस करने वाले लोगों को यह बताते हुए हमें खुशी हो रही है कि 'अक्षरौटी' के सभी सदस्य युवा हैं. तो एक बात ये भी कि हमारे प्रयासों की आलोचना हो, बस इस बात को याद रखा जाए -

"कलम हूँ बच्चे का , तख्ती नई नई हूँ मैं"- बशीर बद्र




संपादक मंडल - नीलाम्बुज सिंह ,पंकज कुमार बोस , घनश्याम कुमार 'देवांश'

कला संपादक- चिराग जैन

चित्रांकन- राजेश कुमार
आवरण - डॉ. गोविन्द प्रसाद